Table of Contents
क्या आपको पता है कि भारत में हर साल लाखों टन टमाटर (Tomato) फसल कटाई के बाद ख़राब हो जाते हैं? इसकी वजह से किसानों को भारी नुकसान होता है। अब इस समस्या का समाधान लेकर आया है ICAR-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी। यहां के वैज्ञानिकों ने एक शानदार टेक्नोलॉजी डेवलप की है। उन्होंने टमाटर को एक ऐसे फंक्शनल ड्रिंक (Ready-to-Serve) में बदल दिया है, जो न केवल टेस्टी है, बल्कि सेहत के लिए वरदान से कम नहीं।
क्या है ख़ास इस ड्रिंक में?
इस ड्रिंक में 20 फीसदी टमाटर का गूदा (Tomato Pulp) है, और इसमें आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां मिलाई गई हैं। ये जड़ी-बूटियां सिर्फ टेस्ट के लिए नहीं, बल्कि पोषण और एंटीऑक्सीडेंट बढ़ाने के लिए हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि इसे दो तरह से बनाया गया है। एक पारंपरिक चीनी के साथ और दूसरा ऑप्शनल स्वीट (जैसे स्टीविया या फ्रुक्टोज) के साथ। यानी डायबिटीज के मरीज भी इसका मजा ले सकते हैं।
पोषण का खज़ाना
ये ड्रिंक सिर्फ प्यास बुझाने वाला नहीं, बल्कि सेहत का खजाना है। इसमें लाइकोपीन (टमाटर का मेन एंटीऑक्सीडेंट) 1.35 mg/100g तक मौजूद है। यह कैंसर और दिल की बीमारियों से लड़ने में मददगार है। फ्रिज में (14°C) रखने पर यह 2.5 महीने तक बिना ख़राब हुए अपने गुण बरकरार रखता है।
वैज्ञानिकों ने इसकी शेल्फ लाइफ का पता 35 दिनों के एक्सीलेरेटेड टेस्ट से लगाया। नतीजे चौंकाने वाले थे। 2.5 महीने बाद भी इसमें 0.88 mg/100g लाइकोपीन बचा रहा,जो बहुत अच्छा है।
एंटीऑक्सीडेंट की धाक
इस ड्रिंक की सबसे बड़ी ख़ासियत है इसकी DPPH एंटीऑक्सीडेंट क्षमता, जो 81 फीसदी से 88 फीसदी तक है। यानी ये बॉडी में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस (Cell damage) को कम करता है, जो उम्र बढ़ने और बीमारियों की वजह बनता है।
कितना खट्टा और मीठा?
इस ड्रिंक का TSS (Total Dissolved Solids) 14-15° Brix है, जो एक आइडियल स्वीनेस है। इसकी अम्लता (टाइट्रेटेबल एसिडिटी) 0.28 फीसदी से 0.33 फीसदी के बीच रही, जो FSSAI की मानक सीमा के अंदर है। यानी ये बिल्कुल सेफ और बैलेंस है।
फेनोलिक्स और फ्लेवोनोइड्स
इसमें फेनोलिक कंटेंट 155-128 μg GAE/g और फ्लेवोनोइड 34-23 μg QE/g मिला। ये दोनों तत्व इम्यूनिटी बढ़ाने और सूजन कम करने में मदद करते हैं।
किसानों और बाज़ार के लिए वरदान
यह तकनीक एक बड़ी क्रांति है। अब टमाटर सिर्फ सब्जी नहीं, बल्कि एक हेल्दी बेवरेज इंडस्ट्री का हिस्सा बन सकता है। इससे फसल खराब होना कम होगा, किसानों को अच्छी कीमत मिलेगी और लोगों को एक पौष्टिक, बिना केमिकल वाला ड्रिंक मिलेगा।
ये ड्रिंक न सिर्फ हेल्थ के लिए अच्छा है, बल्कि पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद है।
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या [email protected] पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

