Mausam Alert: बारिश और ओलावृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी! गेहूं, सरसों, चना और सब्ज़ियों एवं फसलों के किसान क्या-क्या सावधानियां बरतें?

भारतीय मौसम विभाग और प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। जानिए कृषि सलाहकारों ने मौसम को देखते हुए किसानों को क्या सलाह दी है।

बारिश और ओलावृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने कई राज्यों में कोहरे और बारिश को लेकर अनुमान जारी किया है। इसके तहत देश के कई राज्यों में बारिश वाले हालात देखे जा सकते हैं। 28-29 दिसंबर में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की आशंका बनी हुई है। आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ने का अनुमान है। इस बार कड़ाके की सर्दी पड़ने  संभावना पहले ही जताई जा चुकी है। इतना ही नहीं, इस बार सर्दी लंबे समय तक बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें: Weather Apps: खेती से जुड़ी मौसम की जानकारी के लिए बड़े काम की हैं ये ऐप्स

देश में मौसम की अलग-अलग तरह की स्थितियां

प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट (skymetweather.com) ने भी देश के कई इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर हिमपात (snow) की संभावना जताई है। उनके अनुसार, इस समय देश में मौसम की अलग-अलग तरह की स्थितियां बन रही हैं-

  • लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) सक्रिय है।
  • एक और पश्चिमी विक्षोभ, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है।
  • एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बना हुआ है।
  • एक ट्रफ रेखा पश्चिमी राजस्थान पर बने चक्रवाती परिसंचरण से पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में विदर्भ तक फैली हुई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान कहाँ, कैसा रहा मौसम का हाल?

  • पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हुआ।
  • पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
  • पंजाब के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे  की स्थिति देखी गई।  कोल्ड डे यानी अधिकतम तापमान औसत से 5 से 6 डिग्री कम रहे और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहे।
  • पश्चिमी राजस्थान, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा देखा गया और पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और मेघालय के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

अगले 24 घंटों के दौरान कहाँ-कहाँ हो सकती है बारिश ?

  • पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों तक बारिश और बर्फबारी संभव है।
  • राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में, दिल्ली एनसीआर और हरियाणा गुजरात और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
  • 29 दिसंबर से देश के उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ का  कहना है कि हरियाणा राज्य में 29 दिसंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने व बीच-बीच में बादल रहने की आशंका है। 28 दिसंबर तक गरज-चमक व हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।

भारतीय मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र की चेतावनी के अनुसार 28 दिसंबर तक पंजाब और हरियाणा राज्य में कहीं-कहीं कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश एवं ओलावृष्टि होने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग भोपाल केंद्र की चेतावनी के अनुसार 28 दिसंबर को भोपाल में कुछ स्थानों पर कहीं-कहीं गरज चमक के साथ मध्यम से हल्की बारिश एवं ओलावृष्टि होने की आशंका है।

Mausam Alert: बारिश और ओलावृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी! गेहूं, सरसों, चना और सब्ज़ियों एवं फसलों के किसान क्या-क्या सावधानियां बरतें?
तस्वीर साभार: Meghdoot App

Mausam Alert: बारिश और ओलावृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी! गेहूं, सरसों, चना और सब्ज़ियों एवं फसलों के किसान क्या-क्या सावधानियां बरतें?

मेघदूत एप (Meghdoot App) के जरिए किसानों के लिए दी गई ये सलाह

मौसम का पूर्वानुमान और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए किसानों और पशुपालकों  को कृषि सलाहकारों ने मेघदूत एप के जरिए निम्नलिखित सलाह दी है-

  • गेहूं की फ़सल में इस समय सिंचाई रोक दें।
  • सरसों की फ़सल में सिंचाई, एग्रोकेमिकल्स और उर्वरक का छिड़काव बंद कर दें।
  • चने की फ़सल में इस समय उकठा रोग से बचने के लिए सिंचाई बंद कर दें और साथ ही निराई (weeding) भी बंद कर दें।
  • जिन किसानों की टमाटर, फूलगोभी, बंदगोभी और ब्रोकली के पौधे तैयार हैं, वह मौसम का ध्यान रखते हुए पौधों की रोपाई कर सकते हैं।
  • तापमान कम होने के कारण सुबह-शाम पशुओं (गाय-भैंस) को शेड के अंदर रखें और शेड को गर्म रखें। इसके लिए बोरों के पर्दे लगा सकते हैं और साथ ही पशुओं के नीच बिछावन का प्रयोग करें। पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए 50 ग्राम आयोडिन नमक या 50 से 100 ग्राम खनिज मिश्रण प्रतिदिन हरे चारे (green fodder) के साथ दें। 
  • बारिश के मौसम में पशुपालक, पशुओं को जमा गंदा पानी ना पीने दें। पशुओं को गीले एवं पानी भरे स्थानों पर ना चरायें। 
  • ठंड में मुर्गियों को कोराइजा बीमारी (coryza disease) से बचाने के लिए हर 100 फ़ीट के बीच में 300 वाट के बल्ब का प्रयोग करें। कृमिनाशक (Insecticide) का उपयोग हर तीन महीने के अंतराल पर कृमि रोग से मुक्त करने के लिए करें।

आप भी इस एप को डाउनलोड करके अपनी जगह के अनुसार खेती और पशुपालन से जुड़ी जानकारियां ले सकते हैं। 

अगर हमारे किसान साथी खेती-किसानी से जुड़ी कोई भी खबर या अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करना चाहते हैं तो इस नंबर 9599273766 या [email protected] ईमेल आईडी पर हमें रिकॉर्ड करके या लिखकर भेज सकते हैं। हम आपकी आवाज़ बन आपकी बात किसान ऑफ़ इंडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएंगे क्योंकि हमारा मानना है कि देश का किसान उन्नत तो देश उन्नत।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top