गन्ने की खेती से जुड़े हर किसान के मन में एक ही सवाल होता है कि क्यों मेहनत करने के बाद भी पैदावार में वो उछाल नहीं आती जिसकी उम्मीद होती है? क्यों बीमारियां फसल को निगल जाती हैं और लाखों की लागत डूब जाती है? इसी जटिल समस्या का समाधान लेकर आया है लखनऊ से एक बड़ा और ऐतिहासिक समझौता, जो गन्ना किसानों की किस्मत बदल सकता है।
ISRI लखनऊ और ISMA में समझौता
भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (ISRI) लखनऊ और इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के बीच हुई इस साझेदारी का मकसद साफ है कि किसानों को देनी है उन्नत, रोगमुक्त और जलवायु-अनुकूल गन्ना बीज, जो न सिर्फ उनकी उपज को दोगुना करे बल्कि उनकी मेहनत को भी सार्थक बनाए।
अब तक ज़्यादातर किसान परंपरागत बीजों का इस्तेमाल करते आए हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं होता कि कौन-सी किस्म उनकी मिट्टी और जलवायु के लिए सबसे उपयुक्त है। नतीजा, लाल सड़न रोग (Red Rot) जैसी बीमारियां पूरे खेत को तबाह कर देती हैं। इस समझौते के तहत अब वैज्ञानिक विधि से तैयार शुद्ध बीज की उपलब्धता देखी गई है, जो मौसम और बीमारियों के प्रति मजबूत प्रतिरोधी होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ISRI निदेशक डॉ. एस. एन. सुशील ने साफ किया कि अब किसानों को बीज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव अश्विनी श्रीवास्तव ने भी कहा कि “जब वैज्ञानिक और उद्योग साथ आएं, तो किसानों तक इसका फायदा ज़मीनी स्तर पर पहुंचना ही चाहिए।” ISMA के महानिदेशक दीपक बलानी और डॉ. एस. सोलोमन ने इसे देश के Subtropical region के लिए गेम-चेंजर बताया।
मज़बूत बीज उत्पादन प्रणाली
इस योजना के तहत एक मज़बूत बीज उत्पादन प्रणाली बनाई जाएगी। इससे न सिर्फ गन्ने की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि चीनी मिलों को भी कच्चे माल की बेहतर गुणवत्ता मिलेगी, जिससे पूरी चीनी उद्योग को नई दिशा मिलेगी। देशभर की प्रमुख चीनी मिलों के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि खेत और लैब आपस में जुड़ें।
ये पहल किसानों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली है। क्योंकि जब किसान को पता होगा कि उसके पास वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित बीज है, तो वह नई तकनीकों को अपनाने से नहीं डरेगा। रोगमुक्त और उन्नत बीज ही फसल सुरक्षा और ज़्यादा प्रोडक्शन का मूल मंत्र है।
लखनऊ की कोशिश बनेगी अब पूरे देश के लिए मिसाल
लखनऊ की ये कोशिश अब पूरे देश के लिए मिसाल बनेगी, क्योंकि जब बड़े संस्थान और उद्योग मिलकर काम करें, तो किसान को उसका हक मिलना ही चाहिए। सही बीज, सही समय, सही तकनीक। यही इस समझौते की सबसे बड़ी ताकत है। अब उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले सीज़न में गन्ने के खेत हरियाली से लबरेज़ होंगे और किसानों की आय में भी अभूतपूर्व इजाफा होगा।
यह बदलाव सिर्फ बीज तक सीमित नहीं है, बल्कि एक नई सोच, एक नई दिशा की शुरुआत है, जो गन्ना किसानों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी।
ये भी पढ़ें: बिहार में मछली पालन की नई क्रांति: सीतामढ़ी में खुला राज्य का पहला Fish Brood Bank
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

