Table of Contents
अगर आप डेयरी बिज़नेस से जुड़े हैं और कम वक्त में बेहतर दूध उत्पादन देने वाली गाय की तलाश कर रहे हैं, तो होल्स्टीन फ्रिसियन नस्ल (Holstein Friesian breed) आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकती है। ये नस्ल मूल रूप से नीदरलैंड और यूरोप के आसपास के क्षेत्रों से आती है,लेकिन अब दुनिया भर के कई देशों में इसका पालन किया जा रहा है। दुनिया में सबसे अधिक दूध देने वाली गाय के रूप में जानी जाने वाली ये नस्ल भारत में भी तेजी से फेमस हो रही है।
शरीर की बनावट और पहचान
होल्स्टीन गाय की सबसे आसान पहचान इसका बड़ा और मजबूत शरीर है। एक वयस्क मादा गाय का वजन आमतौर पर 600 से 700 किलोग्राम तक होता है,जबकि इस नस्ल के सांड इससे काफी भारी होते हैं और उनका वजन लगभग 900 से 1,200 किलोग्राम तक पहुंच सकता है। ये नस्ल अपने काले और सफेद धब्बों वाले शरीर के कारण आसानी से पहचानी जा सकती है, हालांकि कुछ गायों में लाल और सफेद रंग का कोट भी पाया जाता है। भारत में कई दूसरी नस्लों का रंग भी काला-सफेद होता है, इसलिए पशुपालकों को पहचान करने में परेशानी हो सकती है, लेकिन होल्स्टीन का शरीर अधिक बड़ा और सुडौल होता है।
मिल्क प्रोडक्शन पावर
होल्स्टीन गाय को ख़ास तौर इसकी असाधारण दूध उत्पादन क्षमता के लिए जाना जाता है। हालांकि, किसी गाय से मिलने वाले दूध की मात्रा केवल नस्ल पर निर्भर नहीं करती। उसका आहार, स्वास्थ्य, मौसम, प्रबंधन, पशु की उम्र और डेयरी फार्म की सुविधाएं भी प्रोडक्शन को प्रभावित करती हैं। अगर पशुपालक अच्छे प्रबंधन और संतुलित आहार के साथ इस नस्ल का पालन करते हैं, तो उन्हें प्रतिदिन 40-50 लीटर तक दूध प्राप्त हो सकता है। कुछ रिकॉर्ड तो इससे भी ज़्यादा दर्ज किए गए हैं। केरल के एक फार्म में होल्स्टीन फ्रिसियन गाय ने 44 लीटर प्रतिदिन का उत्पादन दिया है, और इसकी कीमत 12 लाख रुपये तक आंकी गई है।
प्रजनन और ब्रीडिंग
होल्स्टीन बछिया की ब्रीडिंग का फैसला केवल उम्र देखकर नहीं किया जाना चाहिए। उसके शरीर का विकास और वजन भी महत्वपूर्ण होता है। लगभग 15 महीने की उम्र में, अगर बछिया उचित शारीरिक विकास और करीब 362 किलोग्राम वजन हासिल कर चुकी है, तो वह प्रजनन के लिए तैयार हो सकती है। पहली बार ब्याने की उम्र आमतौर पर करीब 24 से 27 महीने के बीच रखने का लक्ष्य रखा जाता है। हालांकि,सही टाइम में पशु के विकास, स्वास्थ्य, प्रबंधन और पशु चिकित्सक की सलाह पर निर्भर करता है।
भारत में कीमत
भारत में होल्स्टीन गाय की कीमत एक जैसी नहीं होती। पशु की उम्र, दूध देने की क्षमता, गर्भावस्था, नस्ल की शुद्धता, स्वास्थ्य, रिकॉर्ड और स्थानीय बाजार के आधार पर कीमत में काफी फर्क हो सकता है। सामान्य बाजार में होल्स्टीन बछड़े की कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपये तक हो सकती है। गर्भवती बछिया की कीमत लगभग 60 से 80 हजार रुपये तक होती है,जबकि दूध देने वाली गाय की कीमत करीब 90 हजार रुपये से 1.5 लाख रुपये या उससे अधिक तक हो सकती है।
होल्स्टीन गाय डेयरी उद्योग के लिए एक बेहतरीन निवेश साबित हो सकती है, बशर्ते उसे सही आहार, स्वास्थ्य देखभाल और प्रबंधन मिले। अगर आप इसे ख़रीदने की सोच रहे हैं,तो नस्ल की शुद्धता और पशु के स्वास्थ्य रिकॉर्ड की जांच जरूर करें।
ये भी पढ़ें: Top 10 types of spinach: पालक की इन 10 किस्मों की देश में होती है सबसे ज़्यादा खेती
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

