बिहार में मछली पालन का नया दौर: नाबार्ड ने दिया 195 करोड़ रुपये का लोन, बदलेगी किसानों की किस्मत

मछली पालन बढ़ने से सिर्फ तालाबों में मछली ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि चारा, परिवहन, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और भंडारण जैसे कामों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बिहार में मछली पालन (Fish Farming in Bihar) अब सिर्फ पारंपरिक काम नहीं, बल्कि एक बड़ा कारोबार बनने की राह पर है। सीवान ज़िले के मछली पालकों के लिए एक बड़ी ख़ुशख़बरी आई है। नाबार्ड ने मछली पालन से जुड़ी सुविधाओं को मॉडर्न बनाने के लिए बिहार सरकार को 195 करोड़ रुपये का लोन मंज़ूर किया है। ये राशि मछली पालन अवसंरचना विकास निधि (FIDF) के तहत दी जाएगी। इसका मकसद सिर्फ मछली उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि भंडारण, प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंच को मज़बूत करना है।

क्यों ज़रूरी थी यह परियोजना?


अब तक मछली पालकों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि मछली तैयार होने के बाद उसे सुरक्षित कैसे रखें, सही वक्त पर बाज़ार कैसे पहुंचाएं और अच्छा दाम कैसे पाएं। अक्सर जल्दी बिक्री के दबाव में किसानों को कम कीमत पर मछली बेचनी पड़ती थी। नई परियोजना इन्हीं समस्याओं को जड़ से ख़त्म करने की कोशिश है।

बीज से बाजार तक की पूरी व्यवस्था


मंज़ूर राशि से मछली के बीज तैयार करने वाले केंद्र और हैचरी बनाई जाएंगी। इसके अलावा कलेक्शन सेंटर, कोल्ड स्टोरेज और कोल्ड चेन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मछली की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बिक्री के लिए आधुनिक बाजार तैयार किए जाएंगे। इससे मछली पालकों को अपनी उपज सुरक्षित रखने, आसानी से बाजार तक पहुंचाने और बेहतर दाम पाने में मदद मिलेगी। यानी बीज से लेकर बिक्री तक की पूरी रेंज मज़बूत होगी।

छोटे किसानों और युवाओं के लिए बड़ा मौका


इस योजना का फायदा सिर्फ बड़े कारोबारियों को नहीं मिलेगा। छोटे और सीमांत मछली पालक, मछली सहकारी समितियां, स्वयं सहायता समूह, महिला समूह और गांव के युवा भी इससे जुड़कर रोजगार पैदा कर सकते हैं। मछली पालन की सही तकनीक, अच्छे बीज, सही आहार, पानी की देखभाल और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। इससे कम संसाधनों में ज्यादा उत्पादन और बेहतर कमाई संभव होगी।

रोज़गार के नए द्वार

मछली पालन बढ़ने से सिर्फ तालाबों में मछली ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि चारा, परिवहन, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और भंडारण जैसे कामों को भी बढ़ावा मिलेगा। सीवान में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ख़ासकर गांव के युवा और स्वयं सहायता समूह मछली से जुड़े छोटे कारोबार शुरू कर सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाबार्ड के बिहार क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने इस योजना को लेकर कहा कि ये परियोजना सीवान में आधुनिक मछली पालन को बढ़ावा देगी। इसे बिहार सरकार के मत्स्य, डेयरी एवं पशु संसाधन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार लागू किया जाएगा।

 कुल मिलाकर, यह पहल सीवान के मछली पालकों के लिए वरदान साबित हो सकती है। अगर इसे सही तरीके से लागू किया जाए, तो मछली पालन बिहार की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बन सकता है, जिससे लाखों परिवारों की आमदनी बढ़ेगी और गांवों में नए रोजगार पैदा होंगे।

ये भी पढ़ें: Top 10 types of spinach: पालक की इन 10 किस्मों की देश में होती है सबसे ज़्यादा खेती

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top