उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Uttar Pradesh’s Yogi government) ने किसानों की जिंदगी आसान बनाने के लिए एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। अब प्रदेश के किसान भाईयों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कृषि विभाग की हर योजना, हर सुविधा और हर सब्सिडी की जानकारी अब सिर्फ एक फोन कॉल पर (Agricultural Schemes Is Available With Just One Call) उनकी मुट्ठी में होगी। इस नई हेल्पलाइन से किसानों को न सिर्फ समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें सही जानकारी सीधे और बिना किसी झंझट के मिल सकेगी।
क्या है ये नई हेल्पलाइन और कैसे मिलेगा फायदा?
लखनऊ के कृषि निदेशालय (Directorate of Agriculture) में राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख (State Agriculture Minister Surya Pratap Shahi and Minister of State Baldev Singh Aulakh) ने इस कृषि विभाग हेल्पलाइन का शुभारंभ किया। इस हेल्पलाइन नंबर 0522-2317003 पर अब प्रदेश का कोई भी किसान सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच फोन करके पूरी जानकारी हासिल कर सकता है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस हेल्पलाइन का मेन मकसद यही है कि किसानों को योजनाओं की जानकारी के लिए भटकना न पड़े य बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। अपने मोबाइल फोन से एक कॉल करके ही किसान सब्सिडी, विभिन्न योजनाओं, सोलर पम्पों और विभाग द्वारा दी जाने वाली हर सेवा का विवरण प्राप्त कर सकते हैं।
सिर्फ एक डायल पर मिलेगी ये सारी जानकारी-
इस हेल्पलाइन की ख़ास बात ये है कि यह सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि किसानों के लिए ‘One-stop solution’ है। एक ही कॉल में किसान ये अहम जानकारियां पा सकते हैं-
1.डिजिटल कृषि सर्वे और किसान रजिस्ट्री से जुड़ी सभी बातें।
2.सोलर पम्प योजना: लागत, सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी।
3.कृषि यंत्रों पर सब्सिडी: ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम आदि पर मिलने वाली सरकारी सहायता।
4.बीज, खाद और कीटनाशक: उनकी उपलब्धता, गुणवत्ता और दाम से जुड़े अपडेट।
5.विशेष रूप से कृषि विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी के लिए कॉलर नंबर पांच दबा सकता है।
6.फसल उत्पादन: बेहतर पैदावार के लिए इनपुट्स का मार्गदर्शन।
7.लाभकारी योजनाएं: कौन-सी योजना किसान के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकती है।
8.नए कृषि यंत्र, रिसर्च और इनोवेशन: आधुनिक तकनीक से जुड़ी जानकारी जो कृषि उत्पादकता और मुनाफा बढ़ा सकती है।
क्यों है ये कदम ‘गेम-चेंजर’?
भारत के किसानों, खासकर छोटे और मझोले किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही जानकारी का अभाव और सरकारी प्रक्रियाओं की उलझन रही है। कई बार योजनाओं का लाभ न मिल पाने की वजह जागरूकता की कमी ही होती है। इस हेल्पलाइन के शुरू होने से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।
ये सर्विस न सिर्फ पारदर्शिता लाएगी, बल्कि कृषि विभाग और किसानों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित करेगी। किसानों को अब दलालों या बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीधी, आधिकारिक और साफ जानकारी फोन पर मिल जाएगी। इससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे सही समय पर सही फैसले ले पाएंगे।
हेल्पलाइन नंबर: 0522-2317003
समय: सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक।
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

