Balwaan Power Weeder: खेत तैयार करने से लेकर फसल की कटाई तक का सारा काम होगा सिर्फ़ एक मशीन से

Balwaan Power Weeder: खेती के क्षेत्र में हर दिन आने वाली नई-नई तकनीक ने किसानों का काम आसान बना दिया […]

Balwaan Power Weeder

एक मशीन में अनेक अटैचमेंट

Power Weeder वैसे तो खरपतवार हटाने और निराई-गुड़ाई के काम के लिए इस्तेमाल होता है, मगर बलवान कृषि कंपनी का पावर वीडर साधारण पावर वीडर से अलग है, क्योंकि इस एक उपकरण के साथ कई तरह के अटैचमेंट आते हैं जिससे खेती के लगभग सभी काम किए जा सकते हैं। कंपनी से जुड़े दीपक यादव बताते हैं कि बलवान पावर वीडर में 7 HP, 4 स्ट्रोक 212 CC  का इंजन लगा होता है और ये पेट्रोल से चलता है। इसके इंजन की खासियत है कि ये गर्म नहीं होता है। इस पावर वीडर के साथ अनेक अटैचमेंट आते हैं, तो किसानों को जैसा काम करना हो वैसा अटैचमेंट जोड़ सकते हैं।

कौन-कौन से अटैचमेंट जोड़ सकते हैं?

दीपक बताते हैं कि इसमें 32 ब्लेड का रोटावेटर होता है, जिससे मिट्टी की जुताई, गुड़ाई और खेत तैयार करने का काम किया जा सकता है। इसके अलावा 3 टाइन वाला कल्टीवेटर लगा सकते हैं, जो खेत की जुताई में काम आता है। इसमें तीसरा अटैचमेंट Paddy cage wheel दिया गया है। जो धान की पैडलिंग में इस्तेमाल होता है। इसके अलावा कंपनी की तरफ़ से वॉटर पंप अटैचमेंट भी दिया जाता है जिससे सिंचाई का काम आसान हो जाता है। फसल की बुवाई के बाद जो सिंचाई का काम होता है वो इस अटैचमेंट से आसान हो जाता है। स्प्रे मशीन का सेट भी साथ में मिलता है। जिसे किसान अपने खेत में रखकर साथ में मिले रोल पाइप को लंबा करके इससे 150-200 मीटर तक स्प्रे कर सकते हैं। सिंचाई के साथ ही इससे कीटनाशकों का भी छिड़काव किया जा सकता है। बुवाई और सिंचाई के साथ ही फसल कटाई के लिए भी अचैटमेंट है। कंपनी ने 4 Row वाला Reaper बनाया है जो 4 से 4.5 फीट की चौड़ाई में फसल की कटाई का काम करता है। क्योंकि इस मशीन में 212 सीसी का इंजन है तो पावर का झंझट नहीं है। इससे धान, गेहूं, मक्का, बाजरा की कटाई आराम से की जा सकती है। इसे चलाने में 700-800 ML प्रति घंटे का पेट्रोल का खर्च होता है।

कैसे करती है काम?

दीपक बताते हैं कि मशीन में किसा तरह से अटैचमेंट को जोड़ा जा सकता है। वो कहते हैं पावर वीडर में टायर लगा है तो घर से खेत तक मशीन टायर पर ही जाती है। फिर वहां जब जुताई करनी होती है तो टायर हटाकर रोटावेटर लगाना होता है टायर की जगह। इसके अलावा किसानों को जिस तरह का काम करना हो उस हिसाब से अचैटमेंट जोड़ सकते हैं। फसल में पानी देना हो तो वॉटर पंप लगाना होता है। इसमें रिवर्स फॉर्वड गेयर दिए हुआ है जिससे किसान कई तरह के काम ले सकते हैं।

किसानों को कितना फ़ायदा?

Balwaan Power Weeder किसानों के लिए किस तरह से फ़ायदेमंद है इस बारे में दीपक का कहना है कि ये मशीन किसानों के लिए बहुत उपयोगी है क्योंकि ये एक साथ कई काम करती है। उन्हें मशीन तो बस एक ही खरीदनी है, उसके साथ बस अटैचमेंट अलग-अलग लेने होते हैं। वैसे तो 5-6 अटैचमेंट कंपनी ही देती है। जो किसान बस इस एक मशीन से बुवाई से लेकर कटाई तक का सारा काम कर सकते हैं। इसमें समय और पैसे दोनों की बचत होती है, क्योंकि सीज़न के समय किसानों को फसल की कटाई आदि के लिए मज़दूर नहीं मिलते हैं और जो मिलते हैं वो बहुत महंगे होते हैं। ऐसे में इस मशीन से मज़दूरों की समस्या हल हो गई है। जहां तक मशीन की कीमत का सवाल है तो 5 अटैचमेंट के साथ लेने पर इसकी कीमत है 99 हज़ार रुपए।

क्या होता है पावर वीडर?

पावर वीडर एक छोटा कृषि उपकरण है जो फसलों के बीच से खरपतवार हटाने, मिट्टी की निराई-गुड़ाई और क्यारियां बनाने का काम करता है। ये उपकरण पेट्रोल, डीज़ल या बिजली से चलता है। इस मशीन के इस्तेमाल से मज़दूरों की ज़रूरत खत्म हो जाती है जिससे किसानों की खेती की लागत कम होने के साथ ही समय और श्रम की भी बचत होती है।

पावर वीडर का काम

खरपतवार हटाना- इस मशीन का इस्तेमाल खेत और बगीचे की पंक्तियों के बीज से खरपतवार को काटकर हटाने  के लिए किया जाता है, ताकि मुख्य फसल का विकास अच्छी तरह हो।

मिट्टी तैयार करना- पावर वीडर में ब्लेड लगे होते हैं जो घूम-घूमकर मिट्टी को भुरभुरा बनाते हैं, जिससे मिट्टी बुवाई के लिए तैयार हो जाती है और इसकी उर्वरता भी बढ़ती है।

मेड़ बनाना- सब्ज़ियों और बागवानी फसलों में मेड़ बनाना बहुत ज़रूरी होता है, ऐसे में पावर वीडर बहुत काम आता है।

मिट्टी चढ़ाना- पौधों में मिट्टी चढ़ाने के लिए भी इस मशीन का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे काम अच्छी तरह और जल्दी होता है।

पावर वीडर के फ़ायदे

  • किसानों को हाथ से निराई-गुड़ाई करने में बहुत समय लगता है, मगर पावर वीडर वही काम जल्दी और बेहतर तरीके से करता है। यह कम समय में बड़े एरिया की निराई-गुड़ाई कर देता है।
  • खरपतवार हटाने के साथ ही मिट्टी को ये भुरभुरी बनाता है जिससे फसलों की पैदावर अच्छी होती है।
  • यह उपकरण बागवानी, जैविक खेती के साथ ही सभी तरह की फसलों की खेती के लिए उपयोगी है।

आज के समय में जब खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है, ऐसे में किसानो के लिए इस तरह के उपकरण बहुत उपयोगी हैं।

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

इसे भी पढ़िए: Climate Crisis: भारत का किसान प्रकृति के प्रकोप के सामने क्यों हार रहा? बाढ़, सूखा और बादल फटना बना नई ख़तरनाक ‘सामान्य’ स्थिति

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top