बिहार के किसानों के लिए सुनहरा मौका: 75 फीसदी अनुदान पर मिलेगी ‘लेडी रोसेटा आलू’ की खेती

यह ‘लेडी रोसेटा’ आलू ('Lady Rosetta' potato) योजना सिर्फ अनुदान तक सीमित नहीं है। इससे किसानों को स्थानीय बाजार के अलावा बड़ी फूड प्रोसेसिंग कंपनियों से सीधा संपर्क मिलेगा।

बिहार के किसानों के लिए एक खुशखबरी है। अब आपकी आमदनी दोगुनी हो सकती है, बस एक शर्त है  उगाएं ‘लेडी रोसेटा’ आलू (‘Lady Rosetta’ potato)। बिहार कृषि विभाग ने साल 2026-27 की राज्य योजना के तहत इस ख़ास किस्म के आलू के उत्पादन को बढ़ावा देने का फैसला किया है। सबसे अच्छी बात – किसानों को 75 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाएगा। 

क्यों ख़ास है लेडी रोसेटा?

यह आम आलू नहीं है। लेडी रोसेटा वही आलू है, जिससे चिप्स और फ्रेंच फ्राइज बनते हैं। इसकी खासियत कि इसमें नमी कम और स्टार्च ज़्यादा होता है, जिससे तलने के बाद चिप्स का रंग और स्वाद शानदार बनता है। यही कारण है कि बड़ी-बड़ी फूड कंपनियां इसकी खरीदारी करती हैं।

17 जिलों को मिलेगा फायदा

यह योजना राज्य के 17 जिलों में लागू की जाएगी – औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, गया, गोपालगंज, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, सीवान और वैशाली। सरकार इन जिलों में लेडी रोसेटा का रकबा बढ़ाना चाहती है, ताकि उद्योगों के लिए बेहतर प्रोडक्शन हो सके।

कितना मिलेगा अनुदान?

प्रति हेक्टेयर 30 क्विंटल बीज की ज़रूरत होगी। बीज की कीमत 4000 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। कुल लागत 1,25,150 रुपये प्रति हेक्टेयर है, जिसमें से 75 फीसदी यानी 93,863 रुपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे। यह राशि दो किस्तों में मिलेगी। पहली किस्त 70,397 रुपये इनपुट ख़रीदने के लिए और दूसरी 23,466 रुपये वैरिफिकेशन के बाद।

कौन कर सकता है अप्लाई?

जिस किसान के पास न्यूनतम 0.10 हेक्टेयर और अधिकतम 2 हेक्टेयर जमीन है, वह इस योजना का लाभ उठा सकता है। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा, जिसके लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।

क्या होगा फायदा?

यह योजना सिर्फ अनुदान तक सीमित नहीं है। इससे किसानों को स्थानीय बाजार के अलावा बड़ी फूड प्रोसेसिंग कंपनियों से सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे बिचौलियों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलेगी और आमदनी बढ़ेगी। बिहार को आलू प्रोसेसिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और किसानों को उद्योग से जोड़कर अच्छी आमदनी का नया अवसर देना,  यही इस योजना की ख़ासियत है।  जल्दी करें और ऑनलाइन आवेदन करें।

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

ये भी पढ़ें: बिहार सरकार दे रही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा: किसानों को मिलेगा 4000 रुपये प्रति एकड़ अनुदान

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top