गुजरात सरकार (Government of Gujarat) ने किसानों के हित में एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। रबी सीजन की खेती की तैयारी कर रहे किसानों के लिए कृषि विभाग ने सर्टिफाइड बीज, बीज मिनी किट और डेमोंस्ट्रेशन कंपोनेंट जैसी योजनाओं के आवेदन का प्रोसेस शुरू कर दिया है। किसान इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए i-Khedut पोर्टल के ज़रिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। एप्लीकेशन प्रोसेस 4 अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
गुजरात के कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अंदर अप्लाई कर सरकारी योजनाओं का ज़्यादा से ज़्यादा फायदा उठाएं। कृषि विभाग के मुताबिक, रबी सीज़न में किसानों को बेहतर और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये सुविधाएं दी जा रही हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन को आख़िरी तारीख़ तक न टालें, क्योंकि वक्त रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करने से उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
MSP पर खरीफ फसलों की ख़रीद के लिए भी बड़ी राहत
सिर्फ रबी सीज़न ही नहीं, बल्कि गुजरात सरकार ने खरीफ फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा भी बढ़ा दी है। पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर तय की गई थी। लेकिन अलग-अलग सांसदों, विधायकों और किसान प्रतिनिधियों की ओर से रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाने को लेकर सुझाव दिए गए थे।
इन मांगों पर विचार करने के बाद राज्य सरकार ने किसानों के हित में रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा 15 दिन बढ़ाने का फैसला किया है। अब राज्य के किसान 24 अक्टूबर 2026 तक MSP पर खरीफ फसलों की सरकारी खरीद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
इन फसलों की होगी MSP पर ख़रीद
बढ़ी हुई टाइम लाइन के तहत किसान मूंगफली, मूंग, सोयाबीन और उड़द जैसी खरीफ फसलों की MSP पर सरकारी ख़रीद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि समय-सीमा बढ़ने से ज्यादा से ज्यादा किसानों को अपनी उपज की सरकारी खरीद व्यवस्था में शामिल होने का मौका मिलेगा। ये कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उन्हें सही दाम दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल है।
i-Khedut पोर्टल पर रबी सीज़न की योजनाओं का लाभ
कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने गुजरात के किसानों से अपील की है कि वे i-Khedut पोर्टल पर रबी सीजन की योजनाओं के लिए समय पर आवेदन करें। साथ ही, MSP पर खरीफ फसलों की खरीद के लिए बढ़ाई गई रजिस्ट्रेशन अवधि का भी पूरा लाभ उठाएं।
सरकार की इस पहल से किसानों को बेहतर बीज, सरकारी खरीद और सही मूल्य का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी। किसानों के लिए यह सुनहरा मौका है, जिसे समय रहते भुनाना चाहिए।
ये भी पढ़ें : लद्दाख में पहली बार बड़े पैमाने पर केसर की खेती शुरू,लेह में 90 हजार ईरानी कॉर्म्स लगाए गए
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएंगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

