PM Kisan Yojana: किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका

पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जो तीन समान किश्तों में सीधे उनके आधार-सीडेड बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है।

PM Kisan Yojana:  किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा फरवरी 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना का मुख्य लक्ष्य खेती योग्य भूमि धारक किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कृषि आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर सकें। दोस्तों आज जानेंगे किसान ऑफ़ इंडिया पर पीएम-किसान योजना से किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका

PM Kisan Yojana से कैसे मिलता है लाभ?

इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जो तीन समान किश्तों में सीधे उनके आधार-सीडेड बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है। इससे किसानों को समय-समय पर नकद सहायता मिलती रहती है।

कितनी राशि किसानों तक पहुंची?

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना की शुरुआत से अब तक 22 किश्तों के जरिए 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। 19 नवंबर 2025 को जारी 21वीं किश्त के दौरान 9.35 करोड़ से अधिक किसानों को इसका लाभ मिला।

अलग-अलग रिपोर्ट्स में सामने आए पॉजिटिव रिजल्ट

पीएम-किसान योजना के प्रभाव को लेकर कई संस्थानों ने रिसर्च किए हैं। IFPRI (2019) अध्ययन: इस अध्ययन में पाया गया कि योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है, किसानों की ऋण पर निर्भरता घटी है और कृषि निवेश में वृद्धि हुई है। किसान कॉल सेंटर (KCC) फीडबैक के मुताबिक 93% से अधिक किसान इस राशि का उपयोग कृषि कार्यों में कर रहे हैं। नीति आयोग (DMEO) रिपोर्ट के अनुसार 92% किसानों ने बीज, उर्वरक और कीटनाशकों पर खर्च किया, जबकि लगभग 85% किसानों ने आय में वृद्धि दर्ज की। साथ ही, आपात स्थितियों में कर्ज पर निर्भरता भी कम हुई है।

डिजिटल सुविधाएं और पारदर्शिता

सरकार ने पीएम-किसान पोर्टल पर ‘किसान कॉर्नर’ और ‘नो योर स्टेटस’ जैसी सुविधाएं दी हैं, जहां किसान अपनी भुगतान स्थिति और पात्रता की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी यह जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

AI चैटबॉट ‘किसान ई-मित्र’ की पहल

किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने ‘किसान ई-मित्र’ नामक वॉयस-बेस्ड AI चैटबॉट लॉन्च किया है। यह 24×7 उपलब्ध है और 11 भाषाओं में सेवाएं देता है। अब तक 53 लाख से अधिक किसानों के लगभग 95 लाख सवालों का समाधान किया जा चुका है।

आधार आधारित प्रणाली और पारदर्शिता

योजना के तहत पंजीकरण के लिए आधार नंबर अनिवार्य है और सभी भुगतान आधार आधारित भुगतान प्रणाली के जरिए सीधे किसानों के खातों में किए जाते हैं। सरकार राज्यों, CSC और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर आधार सीडिंग को मजबूत बना रही है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती

पीएम-किसान योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ कृषि निवेश को बढ़ावा दे रही है। इससे न केवल किसानों की आय में सुधार हुआ है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top