El Niño की आशंका पर केंद्र सरकार का अलर्ट, शिवराज सिंह चौहान ने कहा किसानों के हितों की हर हाल में होगी रक्षा

शिवराज सिंह चौहान ने El Niño और कमज़ोर मानसून की आशंका को लेकर समीक्षा की। किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए राज्यों को निर्देश दिए।

देश में खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों के बीच संभावित El Niño प्रभाव को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली के कृषि भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर मानसून, जल उपलब्धता, बीज व्यवस्था, फ़सल रणनीति और राज्यों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा कि किसानों को घबराने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि सरकार हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी कर रही है।

El Niño को लेकर राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश

बैठक में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमानों पर चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 में दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कम रहने की संभावना है और देश में औसत बारिश दीर्घकालिक औसत का लगभग 90 % रह सकती है। साथ ही मानसून के दौरान El Niño की स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।

इसे देखते हुए शिवराज सिंह चौहान ने सभी राज्यों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम से जुड़ी चुनौतियों को गंभीरता से लिया जा रहा है, लेकिन किसानों को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है।

किसानों के हित सर्वोपरि

समीक्षा बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि El Niño के संभावित प्रभाव को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के जरिए संभावित चुनौतियों के प्रभाव को काफ़ी हद तक कम किया जा सकता है।

El Niño की आशंका पर केंद्र सरकार का अलर्ट, शिवराज सिंह चौहान ने कहा किसानों के हितों की हर हाल में होगी रक्षा

जलाशयों में बेहतर जल भंडारण से राहत

बैठक में एक सकारात्मक तथ्य ये भी सामने आया कि देश के प्रमुख जलाशयों में वर्तमान समय में जल स्तर सामान्य से बेहतर स्थिति में है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जल भंडारण क्षमता इस समय सामान्य स्तर के मुकाबले 127.01 % तक पहुंच चुकी है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये स्थिति खरीफ फ़सलों की सिंचाई ज़रूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी। इससे खेतों में नमी की कमी का खतरा भी काफ़ी हद तक कम हो सकता है।

कम बारिश वाले ज़िलों पर रहेगी विशेष नज़र

शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि जिन राज्यों और ज़िलों में El Niño का प्रभाव अधिक पड़ने या कम बारिश होने की संभावना है, वहां विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ज़िला स्तर तक आकस्मिक कार्य योजनाएं तैयार रहनी चाहिए और उन्हें केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय परिस्थितियों, जल संसाधनों, फ़सल पैटर्न, बीज उपलब्धता और बारिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक योजनाएं तैयार की जाएं ताकि किसानों को समय पर मदद मिल सके।

बीजों की उपलब्धता पर सरकार का विशेष फ़ोकस

बैठक में बताया गया कि खरीफ और रबी दोनों सीजन के लिए बीजों की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय बीज भंडार की भी व्यवस्था की गई है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल बीज उपलब्ध होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने राज्यों को निर्देश दिए कि किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण बीज ही पहुंचें। साथ ही कम अवधि में तैयार होने वाली और कम पानी में उगाई जा सकने वाली किस्मों की व्यवस्था भी पहले से रखी जाए।

जल संरक्षण और नमी बचाने पर ज़ोर

शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण विकास तंत्र की भूमिका पर भी विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि खेतों में नमी बनाए रखने, जल संरक्षण, जल संचयन, खेत तालाबों के निर्माण और स्थानीय जल संरचनाओं को मज़बूत करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि बारिश सामान्य से कम भी होती है, तब भी वैज्ञानिक जल प्रबंधन और नमी संरक्षण के उपायों से फ़सलों को काफ़ी हद तक बचाया जा सकता है।

kisan-of-india-instagram

किसानों तक सीधे पहुंचेगी सलाह और चेतावनी

बैठक में रोग और कीट प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि मौसम में बदलाव और El Niño की स्थिति के कारण बढ़ने वाले संभावित रोगों और कीटों की पहले से पहचान की जाए।

उन्होंने कहा कि मोबाइल संदेश, एडवाइजरी, कॉल सेंटर और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों तक सही समय पर सही जानकारी पहुंचनी चाहिए। इससे किसान समय रहते ज़रूरी कदम उठा सकेंगे और नुकसान कम होगा।

सरकार का लक्ष्य किसानों का भरोसा बनाए रखना

बैठक के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल जोखिम का आकलन करना नहीं है, बल्कि समय रहते सभी ज़रूरी कदम उठाना है ताकि खेती की गतिविधियां प्रभावित न हों और किसानों का आत्मविश्वास बना रहे।

उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर जल प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण बीज, वैकल्पिक फ़सल रणनीति, आधुनिक कृषि तकनीक और केंद्र-राज्य समन्वय के माध्यम से El Niño से जुड़ी संभावित चुनौतियों का प्रभाव काफ़ी हद तक कम किया जा सकेगा। शिवराज सिंह चौहान ने दोहराया कि किसानों के हितों की रक्षा हर परिस्थिति में की जाएगी और खरीफ सीजन को सफल बनाने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।

ये भी पढ़ें : भारत की अध्यक्षता में BRICS देशों के बीच पशुपालन क्षेत्र पर उच्च स्तरीय संवाद, तकनीक और फीड सिस्टम पर हुआ मंथन

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या [email protected] पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top