नई दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान से AIKCC के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, एथेनॉल और कृषि पर हुई चर्चा

शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात में किसान नेताओं ने Ethanol का समर्थन किया और कहा कि किसान केंद्रित नीति से किसानों की आय बढ़ेगी।

देश में Ethanol को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच किसान संगठनों ने इसे खेती और किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा अवसर बताया है। ऑल इंडिया किसान कोऑर्डिनेशन कमेटी (AIKCC) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि Ethanol नीति किसान केंद्रित होगी और फ़सलों का सही मूल्य सीधे किसानों तक पहुंचेगा, तो यह कृषि क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।

बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के सभी सुझाव ध्यान से सुने और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार Ethanol से जुड़े हर फैसले में किसानों के हितों को प्राथमिकता देगी।

कृषि भवन में हुई किसानों और शिवराज सिंह चौहान की खुली चर्चा

नई दिल्ली के कृषि भवन में आयोजित बैठक में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु सहित कई राज्यों के किसान नेता शामिल हुए। बैठक में Ethanol, किसानों की आय, एमएसपी, कृषि बाजार और राष्ट्रीय कृषि नीति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के सुझाव सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने दोहराया कि किसान उनके लिए भगवान के समान हैं और कृषि भवन के दरवाजे किसानों के लिए हमेशा खुले रहेंगे।

किसानों ने कहा Ethanol खेती के लिए नया अवसर

बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि Ethanol केवल ईंधन का विकल्प नहीं है, बल्कि खेती के लिए एक नया बाजार तैयार कर सकता है। उनका कहना था कि जब गन्ना, मक्का, धान और अन्य फ़सलों से Ethanol तैयार होगा, तो किसानों की उपज केवल मंडियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र तक भी पहुंचेगी।

किसानों ने बताया कि इससे फ़सलों के लिए नए खरीदार मिलेंगे, भंडारण की समस्या कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने कहा कि वे Ethanol के विरोध में नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि इसका वास्तविक लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे।

नई दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान से AIKCC के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, एथेनॉल और कृषि पर हुई चर्चा

सही जानकारी देने की जरूरत पर दिया ज़ोर

बैठक में कई किसान नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर Ethanol को लेकर कई तरह की गलत जानकारियां फैल रही हैं। कुछ लोग इसे वाहनों के लिए नुकसानदायक बताते हैं, जबकि कुछ इसे किसानों के हितों के खिलाफ बताते हैं।

किसानों ने सुझाव दिया कि सरकार और किसान संगठन मिलकर लोगों को तथ्य आधारित जानकारी दें। उन्होंने कहा कि रील्स, शॉर्ट वीडियो और गांव स्तर की बैठकों के माध्यम से यह बताया जाना चाहिए कि Ethanol से किन फ़सलों को लाभ होगा और कैसे कम पानी वाली फ़सलों को बढ़ावा मिल सकता है।

शिवराज सिंह चौहान ने दिया किसानों को भरोसा

बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की हर बात ध्यान से सुनी और बीच-बीच में सवाल पूछकर ज़मीनी स्थिति को समझा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सोच पूरी तरह स्पष्ट है। Ethanol कार्यक्रम का लाभ खेत से लेकर फ्यूल टैंक तक पूरी श्रृंखला को मिलना चाहिए, लेकिन सबसे बड़ा फ़ायदा किसानों को होना चाहिए।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि Ethanol देश की ऊर्जा सुरक्षा को मज़बूत करेगा और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद करेगा। सरकार इस बात का पूरा ध्यान रखेगी कि किसी भी फ़सल या किसी भी राज्य के साथ अन्याय न हो।

किसानों के हित में होगी नीति की समीक्षा

शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि मक्का, धान, गन्ना और अन्य फीडस्टॉक की क़ीमतों तथा मांग के संतुलन को ध्यान में रखते हुए नीति की लगातार समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर फैसला किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि Ethanol से जुड़े वैज्ञानिक अध्ययन और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर फैली गलतफहमियों को दूर किया जाएगा। सरकार किसानों के साथ मिलकर तथ्य आधारित संवाद को आगे बढ़ाएगी।

नई दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान से AIKCC के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, एथेनॉल और कृषि पर हुई चर्चा

सरकार और किसान मिलकर करेंगे काम

बैठक के अंत में AIKCC के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर Ethanol से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करेंगे और किसानों तक सही जानकारी पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और किसान संगठन मिलकर ऐसी नीति बनाने की दिशा में काम करेंगे, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

शिवराज सिंह चौहान ने भी स्पष्ट कहा कि किसान संगठन सरकार के विरोधी नहीं, बल्कि नीति निर्माण में साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के सुझावों के आधार पर ऐसा ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे किसान, देश और ऊर्जा सुरक्षा तीनों मज़बूत हों। उनके अनुसार सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ देश को ऊर्जा के क्षेत्र में भी अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।

ये भी पढ़ें : भारत को मिली बड़ी वैज्ञानिक सफलता, अरहर का पूरा Genome तैयार

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या [email protected] पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top