Table of Contents
बर्फीली नदियां, बादलों को छूती ऊंचाइयां, और अब… इन्हीं पहाड़ों में पल रही है एक नई क्रांति। जी हां, हम बात कर रहे हैं ट्राउट फार्मिंग (Trout Farming) की, जो भारत के Coldwater Fisheries Sector को ब्लू इकोनॉमी (Blue Economy) का मज़बूत पिलर बना रही है।
ठंडा पानी, शानदार कमाई
भारत के ऊंचाई वाले इलाके, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड (Jammu and Kashmir, Himachal, Uttarakhand) जहां पारा सर्दियों में माइनस में चला जाता है, वहीं गर्मियों में भी पानी का तापमान 5°C से 25°C के बीच रहता है। ऐसे पानी में ऑक्सीजन की भरमार होती है, जो ट्राउट जैसी ठंडे पानी की मछलियों के लिए अमृत के समान है।
नतीजा? देश में अब 7,000 मीट्रिक टन ठंडे पानी की मछली का उत्पादन हो रहा है, जिसमें अकेले ट्राउट का हिस्सा 6,000 मीट्रिक टन (2024-25) है।
जम्मू-कश्मीर है नंबर वन
जब बात ट्राउट प्रोडक्शन की आती है, तो ताज जम्मू-कश्मीर के सिर है। यहां 3,010 मीट्रिक टन सालाना उत्पादन होता है। हिमाचल और उत्तराखंड दूसरे और तीसरे नंबर पर है। एक्सपर्ट कहते हैं, 1,500 मीटर से ऊपर की ऊंचाई ट्राउट पालन के लिए सबसे सही होती है। साथ ही, गोल्डन महसीर और स्नो ट्राउट भी किसानों की आमदनी बढ़ा रहे हैं।
आधुनिक तकनीक: बदलते इलाकों की तस्वीर
पहले जहां पारंपरिक तरीकों से सीमित उत्पादन होता था, वहीं अब सरकार आधुनिक तकनीकों पर जोर दे रही है:
1.Hatchery: Artificial Reproduction से लाखों मछलियां तैयार।
2.RAS (Recirculating Aquaculture System): कम पानी में ज़्यादा प्रोडक्शन।
3.Biofloc Technology: मछलियों को पोषण देने वाला इको-सिस्टम।
4.Cold chain: ताजी मछली दूर बाजारों तक पहुंचाने का वरदान।
इन तकनीकों से न सिर्फ गुणवत्ता बढ़ी है, बल्कि उत्पादन लागत घटी है और दूरदराज के इलाकों में रोजगार के नए अवसर खुले हैं। साथ ही, इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिल रहा है। पर्यटक ट्राउट फार्म देखने, ताजी मछली का स्वाद लेने और नैचुरल ब्यूटी की मज़ा उठाने आ रहे हैं।
सरकारी मदद: PMMSY का बड़ा हाथ
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) इस क्रांति की रीढ़ है। इसके तहत 5,638.76 करोड़ रुपये से अधिक की राशि शीतजल मत्स्य पालन के लिए आवंटित की गई है।
अब तक इस योजना से:
- 23.51 लाख परिवारों को आजीविका सहायता मिल चुकी है।
- 33.78 लाख मछुआरों को बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है।
यानी पहाड़ों का हर एक परिवार अब इस ब्लू इकोनॉमी से जुड़ रहा है।
ब्लू इकोनॉमी का फ्यूचर
ट्राउट फार्मिंग केवल मछली पालन नहीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, ग्रामीण विकास और निर्यात का रास्ता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले सालों में ये क्षेत्र भारत को नीली क्रांति (Blue Revolution) के रूप में नई पहचान दिलाएगा।
ठंडे पानी की ट्राउट फिश अब पहाड़ों के गरीब परिवारों के जीवन में सुनहरी सुबह ला रही है। तो अगली बार जब आप कश्मीर या मनाली जाएं, तो ट्राउट ज़रूर चखें क्योंकि इसके हर टुकड़े में छिपी है एक मेहनत, एक तकनीक और एक बेहतर भारत की कहानी।

