राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुई VB G Ram G योजना, शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश से किया शुभारंभ

VB G Ram G योजना का राष्ट्रीय शुभारंभ करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने 125 दिन रोज़गार, ग्रामीण विकास और नई सुविधाओं की घोषणा की।

देश के ग्रामीण विकास और रोज़गार को नई दिशा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने VB G Ram G योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के मुक्कावरिपल्ली गांव से इस योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान गांवों में रोज़गार, आजीविका और विकास के लिए नई कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद के साथ हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत शिवराज सिंह चौहान ने “नमः वेंकटेश्वराय” और “गोविंदा-गोविंदा” के जयघोष के साथ की। उन्होंने कहा कि पवित्र धरती से VB G Ram G योजना की शुरुआत होना देश के गरीबों और मजदूरों के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मानजनक आजीविका मिले, और यही लक्ष्य इस नई योजना के माध्यम से ज़मीन पर उतारा जा रहा है।

VB G Ram G के तहत मिलेगा 125 दिन का रोज़गार

अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिनों के रोज़गार की गारंटी थी, लेकिन अब VB G Ram G योजना के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों को 125 दिनों के रोज़गार की गारंटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल रोज़गार के दिनों में बढ़ोतरी नहीं है, बल्कि ग्रामीण विकास की सोच में बड़ा बदलाव है।

उन्होंने बताया कि योजना लागू होने के पहले ही दिन देशभर में लाखों मजदूरों को काम मिला। इससे यह स्पष्ट होता है कि VB G Ram G गांवों में रोज़गार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुई VB G Ram G योजना, शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश से किया शुभारंभ

पांच वर्षों में 7.5 लाख करोड़ रुपये ख़र्च करने का लक्ष्य

शिवराज सिंह चौहान ने योजना की वित्तीय व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि पहले वर्ष में केंद्र और राज्यों को मिलाकर लगभग 1.51 लाख करोड़ रुपये ख़र्च किए जाएंगे। अगले पांच वर्षों में VB G Ram G के तहत कुल 7.5 लाख करोड़ रुपये ख़र्च करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि देश की 2.86 लाख ग्राम पंचायतों को औसतन हर वर्ष दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी। इससे गांवों में रोज़गार बढ़ेगा और स्थायी विकास कार्यों को गति मिलेगी।

मजदूरों को मिलेगी कानूनी सुरक्षा

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि VB G Ram G के तहत मजदूरों के अधिकारों को कानूनी मजबूती दी गई है। यदि कोई मजदूर काम मांगता है तो उसे 15 दिनों के भीतर रोज़गार देना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं होने पर बेरोज़गारी भत्ता दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मजदूरी के भुगतान में देरी होने पर श्रमिकों को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। उनका कहना था कि मजदूर की मेहनत का पूरा सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

ग्राम सभा तय करेगी गांव के विकास कार्य

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि VB G Ram G के तहत गांव में कौन सा विकास कार्य होगा, इसका फैसला दिल्ली या राज्य की राजधानी से नहीं होगा। इसका अधिकार ग्राम सभा और ग्राम पंचायत के पास रहेगा।

उन्होंने कहा कि गांव के लोग स्वयं तय करेंगे कि उन्हें सड़क, आंगनवाड़ी, अस्पताल, तालाब, चेक डैम, खेत सड़क, एफपीओ से जुड़ी संरचनाएं या अन्य सुविधाएं चाहिए। इससे विकास कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुसार होंगे।

आंध्र प्रदेश को मिला विशेष पैकेज

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि VB G Ram G के तहत केवल नौ महीनों के लिए आंध्र प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से 7,707 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया जा रहा है। इसके अलावा राज्य को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 74,212 नए पक्के घरों की मंज़ूरी भी दी गई।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 146 नई सड़कें और 19 पुल स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर 422 करोड़ रुपये से अधिक ख़र्च किए जाएंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुई VB G Ram G योजना, शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश से किया शुभारंभ

तोतापुरी आम उत्पादक किसानों को राहत

शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तोतापुरी आम उत्पादक किसानों की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाज़ार में कीमतें गिरने से किसानों को नुकसान हो रहा है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने Market Intervention Scheme (MIS) के तहत बड़ी मात्रा में तोतापुरी आम की खरीद का निर्णय लिया है ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि वैज्ञानिकों की टीम राज्य सरकार के साथ मिलकर आम की उत्पादकता बढ़ाने और बेहतर क़िस्मों पर भी काम करेगी।

गांवों के विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने VB G Ram G को गांवों की तस्वीर बदलने वाली योजना बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल मॉनिटरिंग, आधार आधारित भुगतान और जियो टैगिंग जैसी व्यवस्थाओं से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। वहीं उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शिवराज सिंह चौहान के सार्वजनिक जीवन और ग्रामीण विकास में उनके योगदान की सराहना की।

अंत में शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि VB G Ram G योजना रोज़गार, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ये भी पढ़ें : FAO and WMO Report के मुताबिक़ बढ़ती गर्मी से कृषि क्षेत्र के सामने बढ़ी नई चुनौती

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top