Table of Contents
खेती के काम को आसान बनाने के वैज्ञानिक लिए नित्य नए कृषि उपकरणों का अविष्कार कर रहे हैं और उसे उन्नत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में पावर हैरो (Power Harrow) बनाया गया है जिसे तकनीकी रूप से पावर हैरो को रोटावेटर का उन्नत वर्जन माना जा रहा है, इस मशीन की मदद से किसान एक ही बार में खेत को बीज की बुवाई के लिए तैयार कर सकता है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के फार्म मैनेजर भगत सिंह किसान ऑफ इंडिया से बातचीत इस मशीन के फाय़दे गिनाने के साथ ही यह भी बताया कि ये क्यों रोटावेटर से बेहतर है।
हैरो का अपग्रेटेड वर्जन है पावर हैरो (Power Harrow is an upgraded version of Harrow)
खेत की तैयारी के समय मिट्टी को तोड़ने, भुरभुरी बनाने और खेत को समतल बनाने के लिए किसान हैरो और रोटावेटर का इस्तेमाल करते हैं, मगर इन उपकरणों में कुछ कमियां भी देखी गई, जिसे दूर करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) ने पावर हैरो (Power Harrow) बनाया है। IARI के फार्म मैनेजर भगत सिंह का कहना है कि पावर हैरो (Power Harrow), हैरो से अपग्रेड हुआ है। आगे वो बताते हैं कि जब बुवाई के लिए खेत को तैयार करने के लिए कई चरणों से गुज़रना पड़ता है।
जैसे खेत की पलेवा करना, फिर डिस्क (डिस्क हैरो) से एक बार, दो बार जुताई करना, फिर कलटीवेटर चलाना, डबल कलटीवेटर चलाना, उसके बाद पाटा करके समतल करना और फिर रोटावेटर चलाना… तब जाकर खेत बुवाई के लिए तैयार होता है। इस प्रक्रिया में समय और खर्च दोनों ही अधिक लगता है।
डिस्क करने पर एक बार में खेत तैयार नहीं होता है एक बार एक एंगल से और दूसरी बार दूसरे एंगल से इसे चलाना होता है। फिर कलटीवेटर भी चलाना होता है एक बार सीधे और फिर क्रॉस चलाना होता है। कलटीवेटर के बाद रोटावेटर भी चलाना होता है, रोटावेटर ऊपरी तौर पर जुताई कर देता है मगर नीचे की मिट्टी सख्त हो जाती है, जिससे सिंचाई और अंकुरण के साथ ही और भी कई दिक्कतें होती है। इस कमी को दूर करने के लिए पावर हैरो (Power Harrow) आया है।
एक साथ तीन काम (Three tasks at once)
हावर हैरो किसानों के लिए बहुउपयोगी उपकरण है क्योंकि ये गहरी जुताई के साथ ही मिट्टी को भुरभुरी करता है और खेत को समतल बनाता है। ये रोटावेटर की तुलना में खेत की अधिक गहरी जुताई करता है। भगत सिंह बताते हैं कि इसके नीचे जो कटिंग एज है वो वर्टिकल है, जिससे ये खड़े होकर घूमते हैं और ये ऐरो साइज के है, ये राउंड में चलता है जिससे जमीन की अच्छी तरह जुताई हो जाती है और मिट्टी हल्की हो जाती है। इससे एक बार में ही डिस्क हैरो, कलटीवेटर और रोटावेटर का काम हो जाएगा।
कितनी क्षमता का ट्रैक्टर चाहिए (What is the capacity of the tractor required)
भगत सिंह बताते हैं कि पावर हैरो (Power Harrow) को सही तरीके से चलाने के लिए 60-65 HP का ट्रैक्टर चाहिए। क्योंकि ये वर्टिकली जुताई करता है तो ज़्यादा पावर की ज़रूरत होती है। पावर हैरो (Power Harrow) 8-10 इंच तक गहराई से जुताई करता है। जिससे अंदर की मिट्टी कठोर नहीं रहती और अंकुरण व सिंचाई में कोई समस्या नहीं आती है। पावर हैरो (Power Harrow) छोटे साइज़ का भी बनाया जा रहा है ताकि छोटे किसान भी इसे ले सकते।
इस पर अभी और शोध हो रहा है। भगत सिंह का मानना है कि अब अधिकतर किसान इसे ही लेना चाहेंगे, क्योंकि इससे जगह भी बच जाती है और एक साथ कई काम हो जाते हैं। इस उपकरण में गहराई बढ़ाने के लिए मशीन के नीचे कटिंग एज के ऊपर एडजस्टमेंट का विकल्प रहता है। इसकी कीमत करीब एक लाख 65 हजार है। ये किसानों के लिए बहुत उपयोगी है क्योंकि इसे लेने के बाद डिस्क, कलटीवेटर और रोटावेटर की ज़रूरत ही नही पड़ेगी यानी उनकी जगह और पैसे दोनों बच जाएंगे।
कैसे है रोटावेटर से बेहतर (How is it better than a rotavator)
भगत सिंह का कहना है कि रोटावेटर से 3-5 इंच तक ही जुताई होती है उसके नीचे की मिट्टी कठोर हो जाती थी जिससे जमीन की जल धारण क्षमता कम हो जाती थी। जबकि पावर हैरो (Power Harrow) से 8-10 इंच गहराई तक जुताई होती है जिससे मिट्टी की जल धारण क्षमता बढ़ती है। यानी इससे फ़सलों का अंकुरण अच्छी तरह होने में मदद मिलती है।
पावर हैरो के फ़ायदे (Advantages of Power Harrow)
- ये मिट्टी को नरम और ढीला करता है।
- मिट्टी के ढेले और गांठों को तोड़ता है, जिससे मिट्टी नरम और हल्की हो जाती है।
- मिट्टी की सतह को समतल करके बुवाई के लिए बेहतरीन खेत तैयार करता है।
- मिट्टी की गहराई में जुताई करता है, जिससे पौधों की जड़ों का विकास अच्छा होता है।
- पावर हैरो (Power Harrow) से मिट्टी की सेहत में सुधार होता है, जो फ़सल उत्पादन में वृद्धि होती है।
- पारंपरिक जुताई की तुलना में इसमें समय और मेहनत दोनों ही कम लगती है।
पावर हैरो का उपयोग (Use of power harrow)
- पावर हैरो (Power Harrow) का उपयोग जुताई और जमीन को बुवाई के लिए तैयारी के लिए किया जाता है।
- यह फ़सल अवशेषों को मिट्टी में मिलाता है, जिससे वे सड़कर खाद बन जाते हैं और मिट्टी अधिक उपजाऊ बनती है।
- यह मिट्टी की सतह को साफ करके खरपतवारों को नियंत्रित करने में मदद करता है।
- पावर हैरो से मिट्टी में नमी बनी रहती है, जिससे बीजों को अंकुरित होने में मदद मिलती है।
पावर हैरो का इस्तेमाल करते समय बरतें ये सावधानियां (Take these precautions while using power harrow)
- पावर हैरो को ठीक से समायोजित करना ज़रूरी है ताकि वह मिट्टी की गहराई से जुताई कर सके।
- मशीन को बहुत तेज़ी से न चलाएं, क्योंकि इससे मिट्टी को नुकसान हो सकता है।
- दिशानिर्देश में दिए गए सुरक्षा नियमों का पालन करें।
- पावर हैरो का उपयोग करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना भी ज़रूरी है, जैसे दस्ताने और जूते पहनना।
अच्छी फ़सल के लिए खेत को सही तरीके से तैयार करना बहुत ज़रूरी है, क्योंकि जब ज़मीन अच्छी होगी तभी फ़सल का उत्पादन अच्छा और अधिक होगा। इसलिए बहुत ज़रूरी है कि किसान बुवाई के लिए खेत को अच्छी तरह तैयार करें। पावर हैरो (Power Harrow) से गहरी जुताई करके किसान अपने खेत की उपजाऊ शक्ति बढ़ा सकते हैं।
कृषि उपकरणों के इस्तेमाल से किसानों का काम बहुत आसान हो जाता है। इससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है। इन उपकरणों पर किसानों को सरकार की ओर से सब्सिडी भी मिलती है, जिसके बारे में वो अपने नज़दीकी कृषि विकास केंद्र से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : खेती के लिए वरदान है ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई तकनीक, जानिए किन फ़सलों के लिए है ये कारगर
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या [email protected] पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।