रेगिस्तान की गर्म जलवायु में HRMN-99 Apple Variety उगाने वाले किसान राम कुमार की प्रेरणादायी कहानी

गर्म जलवायु में HRMN-99 Apple Variety की सफल खेती की मिसाल हैं जयपुर के किसान राम कुमार, जिन्होंने रेगिस्तान में सेब उगाकर नई उम्मीद जगाई है।

HRMN-99 Apple Variety cultivation in jaipur by ram kumar

दिल में अगर कुछ करने का जज़्बा हो तो उम्र आड़े नहीं आती है। जयपुर के रिटायर्ड शिक्षक राम कुमार इसकी जीती-जागती मिसाल हैं। किसान ऑफ इंडिया से उनकी बातचीत का एक हिस्सा तो आप पहले ही देख चुके हैं, जिसमें वो ड्रैगन फ्रूट की खेती पर चर्चा करते हैं। इसके अलावा राम कुमार हिमाचल में उगाई जाने वाली सेब की खास किस्म HRMN-99 Apple Variety भी उगा रहे हैं।

रेगिस्तान की गर्म जलवायु में कैसे कर रहे हैं वो HRMN-99 Apple Variety की खेती और इसके अलावा उनके अनोखे फार्म में और कौन-कौन से खास फल हैं, इसके बारे में उन्होंने बताया किसान ऑफ इंडिया के संवाददाता सर्वेश बुंदेली को।

कभी खाई है मीठी इमली?

इमली खट्टी होती है ये तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आपने कभी मीठी इमली खाई है? नहीं, तो जयपुर के किसान राम कुमार के फार्म पर चले आइए, क्योंकि यहां मीठी इमली के पेड़ लगे हैं। राम कुमार का कहना है कि यह इमली ड्राई फ्रूट की श्रेणी में आती है और इसका फल बहुत मीठा होता है। शादी-ब्याह में इसकी काफी मांग होती है। रेगिस्तान में ड्रैगन फ्रूट और HRMN-99 Apple Variety की सफल खेती करने वाले राम कुमार 63 साल की उम्र में बागवानी में सफल एक्सपेरिमेंट्स करके अपने इलाके के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।

सिंचाई के लिए बनवाया तालाब

राजस्थान जैसी जगह में पानी की कमी खेती के लिए बहुत बड़ी समस्या है। इससे निपटने के लिए राम कुमार ने कृत्रिम तालाब बनवाया है। उनका कहना है कि तालाब के लिए उन्हें सरकार की ओर से 90 प्रतिशत सब्सिडी मिली है। तालाब की लंबाई और चौड़ाई 75 फीट है, जबकि गहराई 12 फीट है। तालाब की खुदाई से लेकर पानी डालने का सारा काम सरकार की ओर से किया गया है और इसमें 500 माइक्रोन का प्लास्टिक लगा है जिसकी 5 साल की वारंटी है।

खराब होने पर इसे बदलना पड़ता है। उनका मानना है कि कृत्रिम तालाब राजस्थान के किसानों के लिए वरदान है, क्योंकि इससे वो आसानी से खेती कर सकते हैं। यही नहीं अगर कोई किसान चाहे तो अलग-अलग खेतों में भी अलग-अलग तालाब बनवा सकता है, जिससे HRMN-99 Apple Variety जैसी फसलों की सिंचाई आसान हो जाती है।

ऑर्गेनिक खेती के लिए बनाते हैं खाद

राम कुमार पूरी तरह से ऑर्गेनिक बागवानी (gardening) करते हैं, तभी तो उनके बाग मे उगे फल हाथों हाथ बिक जाते हैं। वो बताते हैं कि वो अपने फार्म में ही घनजीवामृत, वेस्ट डीकंपोज़र, ट्राइकोडर्मा और माइक्रोन्यूटिएंट्स आदि तैयार करते हैं। जीवामृत- इसे बनाने के लिए 500 लीटर पानी में 10-12 लीटर गाय का मूत्र, 10-12 किलो गोबर, 5 किलो गुड़ (100 लीटर पानी में 1 किलो गुड़) और 5 किलो बेसन को मिलाकर छोड़ देते हैं। इस मिश्रण को रोज एक डंडे से हिलाते हैं। 30-35 दिनों में यह पौधों मे डालने के लिए तैयार हो जाता है।

ट्राइकोडर्मा- इसका पाउडर आता जिसे पुरानी गोबर में मिलाकर ऐसे ही पौधों में डाला जा सकता है। या फिर 5 किलो गुड़ में 2 किलो ट्राइकोडर्मा और पानी में मिलाकर कुछ दिन के लिए रखने के बाद इस्तेमाल किया जाता है। फलों के एंजाइम्स से तैयार स्प्रे- पौधों पर छिड़काव के लिए 50 लीटर पानी में आधा किलो गुड़ और उससे तीन गुना फल डालकर 90 दिन के लिए छोड़ देते हैं। फिर उसे छानकर पौधों पर छिड़काव किया जाता है। इस मिश्रण में एंजाइम्स होते हैं, जिससे पौधों में अच्छे फूल आते हैं और जब फूल अच्छे आएंगे तो जाहिर सी बात है कि फल भी अच्छे होंगे।

सेब की HRMN-99 किस्म

सेब आमतौर पर ठंडी जलवायु का फल है, मगर राम कुमार ने जयपुर में HRMN-99 Apple Variety उगाकर मिसाल कायम कर दी है। उन्होंने 1 बीघा में 100 पौधे लगाए हैं। उनका कहना है कि इस किस्म का सेब दिखने में पूरा लाल नहीं होता, मगर बहुत स्वादिष्ट होता है। HRMN-99 Apple Variety के पौधों की रोपाई दिसंबर से फरवरी तक करनी चाहिए। मई-जून में इसमें फल आने लगते हैं और जुलाई-अगस्त तक ये पककर तैयार हो जाते हैं।

राम कुमार बताते हैं कि HRMN-99 Apple Variety की खेती वैज्ञानिक तरीके से करनी पड़ती है। इसके बागान में लाइन से लाइन की दूरी 11 फीट और पेड़ से पेड़ की दूरी 10 फीट रखी है। हालांकि अब उन्हें लग रहा है कि पेड़ों की बढ़त को देखते हुए 15 फीट की दूरी और बेहतर रहती। यही नहीं पेड़ के सही विकास के लिए उनकी कंटिग भी ज़रूरी है।

मगर राम कुमार का कहना है कि इसमें ऊपर से कटिंग नहीं करते हैं, बल्कि टहनी काटते हैं। राम कुमार कहते हैं कि अभी उन्हें ढाई साल हुए ही सेब का पेड़ लगाए हुए और फिलहाल इसकी लंबाई 6 फीट की हो गई है और खास बात ये है कि अभी तक किसी रोग या काट का हमला नहीं हुआ है।

रेन गन मशीन से सिंचाई

राम कुमार पूरी तरह से मॉर्डन खेती करते हैं, तभी तो सिंचाई के लिए उन्होंन अपने बगीचे में रेन गन लगा रखी है, जिससे 60 फीट तक सिंचाई की जा सकती है। ये घूम-घूम कर पूरे खेती की सिंचाई कर देता है। बरसात की तरह इसमें से पानी निकलता है जिससे आसानी से पौधों की सिंचाई हो जाती है और पत्तियां भी साफ हो जाती है। अगर पौधों पर फंगस आदि होता है, तो भी इस तरह सिंचाई करने से साफ हो जाता है।

रेगिस्तान की गर्म जलवायु में HRMN-99 Apple Variety उगाने वाले किसान राम कुमार की प्रेरणादायी कहानी

बागवानी है मुनाफे का सौदा

राम कुमार का मानना है कि किसी भी बागवानी फसल से किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं, खासकर जब वो HRMN-99 Apple Variety जैसी आधुनिक किस्में अपनाते हैं। उनका कहना है कि खेती से अच्छा मुनाफा कमाने के लिए पहले निवेश और ध्यान दोनों जरूरी हैं। वो किसानों को सलाह देते हैं कि पारंपरिक फसलों के साथ-साथ HRMN-99 Apple Variety जैसी नई किस्मों को भी अपनाएं, जो कम पानी और गर्म जलवायु में भी अच्छा उत्पादन देती हैं। ऑर्गेनिक खेती में भी वे बताते हैं कि केवल 50 रुपए में 500 लीटर खाद तैयार हो जाती है, जिससे HRMN-99 Apple Variety की फसल को प्राकृतिक पोषण मिलता है।

कहां से मिली प्रेरणा?

राम कुमार को HRMN-99 Apple Variety उगाने की प्रेरणा कृषि विज्ञान केंद्र से मिली। वहीं से उन्होंने इस किस्म के बारे में जानकारी जुटाई और इसकी खेती की। वो किसानों को भी सलाह देते हैं कि अपने इलाके के कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़ें और HRMN-99 Apple Variety जैसी नई किस्मों की जानकारी लें। यही नहीं उनका कहना है कि यदि कोई किसान चाहे तो उनके फार्म में रहकर भी बागवानी (gardening) सीख सकता है, वो भी बिल्कुल मुफ्त में।

वो भविष्य में लीज पर और ज़मीन लेकर अपने फार्म को और बढ़ाने की योजना बना रहे हैं, ताकि HRMN-99 Apple Variety का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जा सके। उनका मानना है कि रिटायरमेंट के बाद सुकून की ज़िंदगी जीने के लिए बागवानी एक अच्छा विकल्प है। जब बड़े-बड़े अधिकारी उनका फार्म देखकर तारीफ करते हैं, तो मन को बहुत सुकून मिलता है। यही नहीं उनका बागान देखने के बाद बहुत से लोगों ने फलों की खेती शुरू भी की है। 

राम कुमार को खेती में नवाचार के लिए जिले में सम्मानित भी किया जा चुका है। उनका मानना है कि खेती को अगर सही तकनीक से करें तो युवा नौकरी से बेहतर कमाई खेती से कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें : प्राकृतिक तरीके से ड्रैगन फ्रूट और सब्ज़ियों की खेती कर रहे जीवन सिंह राणा

सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुंचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top