क्या आप जानते हैं कि आपके घर से निकलने वाला कचरा अब ‘कचरा’ नहीं रहेगा? उसे ‘resources’ में बदलने की मुहिम शुरू हो रही है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (Ministry of Environment, Forest and Climate Change) ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules 2026) लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। ये नए नियम 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू होंगे और 2016 के पुराने नियमों को पीछे छोड़ देंगे।
सिर्फ सफाई नहीं, अब ‘Circular Economy’ का खेल
केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में साफ किया कि नए नियमों की रीढ़ हैं चक्रीय अर्थव्यवस्था (Circular Economy) और विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (EPR)। सीधे शब्दों में समझें तो अब जो पैकेट या प्रोडक्ट कंपनियां बाजार में उतारेंगी, उसके खत्म होने के बाद उसे Recycle करने की जिम्मेदारी भी उनकी ही होगी। ये बड़ा बदलाव है।
अब हर घर में होगी ‘चार डस्टबिन’ वाली व्यवस्था
नियमों में सबसे अहम और जमीनी बदलाव यह है कि अब हर घर, हर संस्थान और हर दुकान के लिए कचरे को स्रोत पर ही चार हिस्सों में बांटना अनिवार्य होगा:
गीला कचरा (Organic): रसोई के छिलके, बचा खाना।
सूखा कचरा (Recyclable): प्लास्टिक, कागज, कांच, बोतलें।
स्वच्छता कचरा (Sanitary Waste): डायपर, मेंस्ट्रुअल प्रोडक्ट्स।
विशेष देखभाल कचरा: ई-वेस्ट (Old Mobile, Battery) और खतरनाक अपशिष्ट।
ये चार भागों में बंटवारा देखेगा कि जो कचरा रिसायकल हो सकता है, वो लैंडफिल (Landfill) तक न पहुंचे।
बड़े संस्थानों पर सख्ती, खुद उठानी होगी जिम्मेदारी
नए नियमों में थोक अपशिष्ट उत्पादकों (होटल, मॉल, अस्पताल, बड़े आवासीय परिसर) को जवाबदेह बनाया गया है। अब ये संस्थान अपने कचरे के संग्रहण, परिवहन और निपटान के लिए खुद जिम्मेदार होंगे। यानी अब नगर निगम अकेले कचरा उठाने वाला नहीं होगा, बड़े उत्पादकों को खुद ही सिस्टम खड़ा करना होगा।
पारदर्शिता के लिए डिजिटल पोर्टल, ऑनलाइन निगरानी
इस बार सरकार ने टेक्नोलॉजी का पूरा साथ दिया है। कचरे के संग्रहण से लेकर निपटान तक की पूरी प्रक्रिया की अब ऑनलाइन निगरानी होगी। एक केंद्रीकृत डिजिटल पोर्टल बनाया गया है, जहां हर गतिविधि की ट्रैकिंग अनिवार्य होगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यह देखा जा सकेगा कि कचरा सही जगह पहुंच रहा है या नहीं।
उद्योगों पर जोर: सीमेंट से ऊर्जा तक का सफ़र
औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी बड़े प्रावधान हैं। सीमेंट उद्योग और Waste-to-Energy Plants को RDF (Waste-derived fuel) का उपयोग बढ़ाने का टारगेट दिया गया है। अभी यह दर महज़ 5 फीसदी है, जिसे अगले छह सालों में बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया जाएगा। इसका मतलब है कि कचरा सीधे सीमेंट भट्टों में ईंधन बनेगा, जिससे कोयले पर निर्भरता घटेगी और कचरे का सही उपयोग होगा।
लैंडफिल पर रोक, पहाड़ों के लिए ख़ास इंतजाम
पुरानी व्यवस्था में अधिकतर कचरा खुले में डंप हो जाता था। नए नियमों में लैंडफिल (भूमि भराव) पर निर्भरता कम करने के सख्त प्रावधान हैं। साथ ही, पहली बार पहाड़ी और द्वीपीय क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान बनाए गए हैं, ताकि वहां की मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों में भी वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन हो सके।
‘Polluter Pays Principle’: नियम तोड़ना होगा महंगा
अब नियमों की अनदेखी करना आसान नहीं होगा। ‘प्रदूषक भुगतान सिद्धांत’ के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई जाएगी। यानी जो गंदगी फैलाएगा, उसे उसकी सफाई का खर्चा वहन करना पड़ेगा।
बदलाव की शुरुआत हमसे और आपसे
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारी सोच बदलने का सबसे बड़ा जरिया है। यह नियम हमें सिखाते हैं कि कचरा कोई बोझ नहीं, बल्कि सही तरीके से इस्तेमाल होने पर वह सोना है। ये व्यवस्था तभी सफल होगी जब आम नागरिक से लेकर बड़े उद्योगपति तक, सभी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। 1 अप्रैल से देश की सफाई व्यवस्था का नया चैप्टर शुरू हो रहा है, जहां हर नागरिक पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में भागीदार बनेगा।
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।
इसे भी पढ़िए: Is The Milk Real Or Fake?: सुबह की चाय से लेकर बच्चों के गिलास तक दूध की शुद्धता पहचानने के 3 आसान घरेलू टेस्ट

