पीला सोना के नाम से मशहूर सोयाबीन की खेती, मुनाफ़े का सौदा मानी जाती है। भारत में सोयाबीन का उत्पादन सबसे ज़्यादा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में होता है। इसके अलावा दूसरे राज्यों के भी लाखों किसान इस तिलहनी फसल से जुड़े हुए हैं, लेकिन कई बार खराब मौसम और आधुनिक कृषि तकनीक की सही जानकारी न होने की वजह से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है।
सोयाबीन की खेती से जुड़ी सारी जानकारी एक ही जगह
सोयाबीन की खेती कर रहे किसानों की इसी समस्या को दूर करने के लिए भारतीय सोयाबीन अनुसन्धान संस्थान ने एक मोबाइल ऐप बनाया है। ये ऐप खासतौर पर सोयाबीन की खेती कर रहे किसानों के लिए ही बनाया गया है। ये ऐप सोयाबीन से संबन्धित हर वो जानकारी किसान को देता है, जो इसकी खेती के लिए ज़रूरी है।
इस ऐप में खेत की जुताई-बुवाई से लेकर कटाई तक की जानकारी और फसल की देखभाल करने के तमाम तरीके बताए गए हैं। इस ऐप के ज़रिए किसान, उत्पादन तकनीकी एवं फसल प्रबंधन, कीट प्रबंधन, रोग प्रबंधन, खरपतवार प्रबंधन, कृषि मशीनरी आदि की जानकारी ले सकता है।

कीट और रोगों से बचाव की मिलेगी जानकारी
दूसरी फसलों की तरह सोयाबीन की फसल भी कीट और रोगों से प्रभावित रहती है। समय पर इनको रोका नहीं जाता तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में ये ऐप किसानों की इस समस्या से निज़ात दिला सकता है क्योंकि ऐप में रोगों की पहचान और निवारण के उपाय बताए गए हैं।
सोयाबीन की फसल को होने वाले रोगों की पहचान से लेकर, उसके लक्षण को पहले से ही कैसा पहचाना जाए और उसका इलाज क्या है, ये सब इस ऐप में उपलब्ध है।

आमदनी बढ़ाने में मददगार
सोयाबीन के फ़ायदों का जिक्र भी इस ऐप में किया गया है। सोयाबीन में 40 प्रतिशत प्रोटीन के साथ और कई और पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं। ऐसे में सेहत के लिहाज़ से भी बाज़ार में इसकी मांग रहती ही है।
सोयाबीन से कई खाध पदार्थ मसलन सोया दूध, सोया पनीर, सोया आटा, सोयाबीन नमकीन, सोयाबीन की टॉफी बनाए जाते हैं। ऐसे में किसान सीधा फूड प्रोसेसिंग से जुड़कर भी कई गुना मुनाफ़ा कमा सकता है। इन्हीं फ़ायदों का जिक्र भी इस ऐप में किया गया है।

कैसे डाउनलोड करें ऐप
इस ऐप को किसान आसानी से गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। प्ले स्टोर पर ये ऐप Soybean Gyan (सोयाबीन ज्ञान) के नाम से उपलब्ध है। यही नहीं, ऐप में दिए गए संपर्क नंबरों में कॉल करके भी आप जानकारी ले सकते हैं।
देश में कितना है सोयाबीन का उत्पादन
सोयाबीन का उत्पादन 2020-21 फसल वर्ष के लिए 12.89 मिलियन टन से अधिक होने का अनुमान है, जबकि पिछले वर्ष में यह 11.22 मिलियन टन था। बता दें कि देश में सोयाबीन का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश है। यहां देश का 45 प्रतिशत सोयाबीन का उत्पादन होता है। वहीं महराष्ट इस मामले में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर आता है।

अचानक से बढ़े सोयाबीन के दाम
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कई जगहों पर सोयाबीन की कीमतें इस साल 10 हज़ार रुपये प्रति क्विंटल को पार कर गई हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह इस साल बारिश के कारण सोयाबीन की फसल की पैदावार पर असर पड़ना है। इस वजह से मंडियों में व्यापारी 3,880 रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य से भी ज़्यादा की बोली लगा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सोयाबीन की इस किस्म से प्रति एकड़ तीन लाख की कमाई
अगर हमारे किसान साथी खेती-किसानी से जुड़ी कोई भी खबर या अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करना चाहते हैं तो इस नंबर 9599273766 या Kisanofindia.mail@gmail.com ईमेल आईडी पर हमें रिकॉर्ड करके या लिखकर भेज सकते हैं। हम आपकी आवाज़ बन आपकी बात किसान ऑफ़ इंडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएंगे क्योंकि हमारा मानना है कि देश का किसान उन्नत तो देश उन्नत।

