जानिये क्या है हरियाणा की मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना? 15 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन

अगर आप हरियाणा के किसान हैं और खेती में कुछ नया कर रहे हैं तो आप भी मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। जानिए Mukhya Mantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana के बारे में सब कुछ। 

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना (Mukhya Mantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana)

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना | आज भी भारत की लगभग 60 फ़ीसदी आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर कृषि पर निर्भर है। भारतीय अर्थव्यवस्था में भी कृषि क्षेत्र विशेष भूमिका निभाता है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारें समय समय पर किसानों के लिए कई तरह की योजनाएं लाती रही हैं, ताकि किसानों को लाभ पहुंचे और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। ऐसी ही एक स्कीम हरियाणा सरकार (Haryana Government) अपने किसानों के लिए लेकर आई है। स्कीम का नाम है ‘मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना’ (Mukhya Mantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana)।

क्या है मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना का उद्देश्य?

अगर आप हरियाणा के किसान हैं और खेती में कुछ नया कर रहे हैं, तो आप भी मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य उन्नत कृषि व्यवस्था को अपनाने के लिए प्रगतिशील किसानों (Progressive Farmers) को प्रेरित करना है। इस योजना के तहत, चयनित किसानों को कृषि तथा संबंधित क्षेत्रों में उनके कार्यों के लिए नकदी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना (Mukhya Mantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana)
तस्वीर साभार: tribuneindia

जानिये क्या है हरियाणा की मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना? 15 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदनकितनी मिलेगी पुरस्कार राशि?

राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार पाने वाले किसान को 5 लाख, द्वितीय पुरस्कार वाले को तीन लाख और तृतीय पुरस्कार पाने वाले को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार राज्य के एक किसान को, द्वितीय पुरस्कार दो किसानों और तृतीय पुरस्कार तीन किसानों को दिया जाएगा।

इसके अलावा, प्रत्येक ज़िले के 5 से 10 एकड़ भूमि वाले 88 किसानों को 50-50 हज़ार रुपये के सांत्वना पुरस्कार (Consolation Prize) भी दिए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक ज़िले से चार किसानों को चुना जाएगा।

जिन किसानों के पास 5 एकड़ से कम की ज़मीन है, वो भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्हें प्रति एकड़ पर दस हज़ार रुपये और अधिकतम 50 हज़ार रुपये प्रति किसान की धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

कैसे होगा किसानों का चयन?

किसानों को कृषि तथा इससे संबंधित क्षेत्रों में उपलब्धि के साथ-साथ नवीनतम तकनीक अपनाने के आधार पर चुना जाएगा। खेती-किसानी में नए प्रयोग, कम पानी में खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, फसल विविधीकरण, जैविक खेती, प्रौद्योगिकी/मूल्य संवर्धन (Technology/Value Addition), बागवानी/सब्जी उत्पादक, पशुपालन, मत्स्य पालन, करने वाले किसानों को प्राथमिकता देते हुए सम्मान के लिए चुना जाएगा।

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के लिए कैसे करें आवेदन?

पुरस्कार के लिए किसान को हरियाणा की कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन (Online)  आवेदन करना होगा। वेबसाइट खुलते ही आपको ऊपर की हरी पट्टी में FARMERS CORNER लिखा दिखेगा। इसपर जाते ही आपको दो विकल्प दिखाई देंगे। उन विकल्पों में से APPLY FOR AGRICULTURE SCHEMES पर क्लिक कर दें। फिर आपके सामने स्कीम खुलकर आ जाएगी। स्कीम के लिए खुद को रजिस्टर कर लें। स्कीम से जुड़ी और जानकारी के लिए किसान सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर (1800 180 2117) पर भी संपर्क कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए किसान 15 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना (Mukhya Mantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana)
तस्वीर साभार: Department of Agriculture and Farmers Welfare, Haryana

ये भी पढ़ें: Kisan Card: मोदी सरकार सभी किसानों को देगी विशेष पहचान पत्र, बहु-उद्देश्शीय होगा किसान कार्ड

अगर हमारे किसान साथी खेती-किसानी से जुड़ी कोई भी खबर या अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करना चाहते हैं तो इस नंबर 9599273766 या [email protected] ईमेल आईडी पर हमें रिकॉर्ड करके या लिखकर भेज सकते हैं। हम आपकी आवाज़ बन आपकी बात किसान ऑफ़ इंडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएंगे क्योंकि हमारा मानना है कि देश का किसान उन्नत तो देश उन्नत।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top